कोरबा। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में देरी और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर दुदावत ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और इनमें होने वाली जनहानि के कारणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने को कहा।
कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के ब्लैक स्पॉट पर होंगे सुरक्षा इंतजाम
कलेक्टर ने कटघोरा-अंबिकापुर राजमार्ग पर चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट, तीव्र मोड़, घाट एवं अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर, क्रैश बैरियर और स्पीडोमीटर लगाने के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त एवं खराब रोड शोल्डर की मरम्मत, आवश्यक स्थानों पर रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने के साथ स्पीड ब्रेकर, कैट आई, डेलिनेटर और सोलर लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यकतानुसार अन्य प्रभावी उपाय करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से भारी वाहनों के पीछे विजिबल रेडियम पट्टी लगाने को कहा, ताकि रात के समय राजमार्ग पर वाहन खड़े होने की स्थिति में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को इसकी जानकारी समय रहते मिल सके और दुर्घटना की आशंका कम हो।
सड़क सुरक्षा कार्यों में धीमी गति पर पीडब्ल्यूडी के ईई को नोटिस
बैठक में भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक सहित विभिन्न स्थानों पर चल रहे सड़क निर्माण, जंक्शन सुधार, रंबल स्ट्रिप एवं संकेतक बोर्ड लगाने के कार्यों की भी समीक्षा की गई।
लोक निर्माण विभाग द्वारा इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने वालों पर नियमित जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
एसपी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया लगातार जारी रहनी चाहिए।
दुर्घटना पीड़ितों को पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश
कलेक्टर दुदावत ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने के लिए अस्पतालों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को जिले के सभी शासकीय एवं निजी अस्पतालों में योजना के संबंध में बैठक लेकर आवश्यक जानकारी देने और पात्र दुर्घटना पीड़ितों के प्रकरण दर्ज कर उपचार की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और ग्रामीण क्षेत्रों में बैनर-पोस्टर के माध्यम से पीएम राहत योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राहवीर योजना के संबंध में भी आमजन को जागरूक करने के लिए प्रभावी अभियान चलाने को कहा।
सड़क सुरक्षा क्विज के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान
बैठक के दौरान विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बालिका वर्ग में विभूति ताम्रकार ने प्रथम, सौम्या जायसवाल ने द्वितीय तथा सावित्री खैरवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में रितेश अनंत प्रथम, जितेश कुमार द्वितीय तथा खगेश यादव तृतीय स्थान पर रहे। अधिकारियों ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको एवं विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।



