जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा से सिलादेही, केरा होते हुए शिवरीनारायण तक जाने वाले राज्यमार्ग की बदहाल स्थिति अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े और गहरे गड्ढे तथा उभरकर खतरनाक ब्रेकर का रूप ले चुके हिस्से आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
जांजगीर-चांपा जिले के लोक निर्माण विभाग संभाग के अंतर्गत आने वाले इस राज्यमार्ग पर कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के साथ ही सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों से लोहे की सरिया तक बाहर निकल आई है, जो किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खराब सड़क और उभरे हुए ब्रेकरों के कारण आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई लोग घायल भी हो चुके हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क और गड्ढे के बीच अंतर नजर नहीं आता और अचानक वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है। दुर्घटनाओं के बावजूद मौके पर स्थायी सुधार कार्य नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही गंभीरता दिखाएगा। सड़क की वर्तमान स्थिति निर्माण और रखरखाव व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है।
लोगों ने राज्यमार्ग की तत्काल मरम्मत कराने, खतरनाक गड्ढों को भरने और सड़क पर उभरे हिस्सों को समतल करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
बरसात के बाद होगा मरम्मत कार्य
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के उप अभियंता एम.एल. घृतलहरे ने बताया कि, “बरसात समाप्त होने के बाद सड़क के उभरे हुए हिस्सों को समतल किया जाएगा तथा क्षतिग्रस्त सड़क पर डामरीकरण कराया जाएगा।”



