कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोरबा भाजपा ने एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में विभिन्न सेवा, जनभागीदारी और जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा कार्यकर्ता बूथ से लेकर मंडल स्तर तक घर-घर पहुंचकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएंगे।
टीपी नगर स्थित आशीर्वाद प्वाइंट में भाजपा जिला कोरबा की जिला कार्यसमिति बैठक एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ जिला कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला प्रभारी अनिल केशरवानी, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला और महापौर संजूदेवी राजपूत सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
जनसेवा और राष्ट्रसेवा भाजपा की मूल विचारधारा : रोहरा
संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा की मूल विचारधारा समाज सेवा, मानव सेवा और राष्ट्र सेवा है। केंद्र एवं राज्य सरकारें इसी विचारधारा के आधार पर जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और विचारों का अध्ययन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि अंत्योदय से लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना तक केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। कार्यकर्ता विशेष रूप से नई पीढ़ी और जेन-जी युवाओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और प्रभाव मजबूत हुआ है।
सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का संदेश देगा अभियान : देवांगन
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ाव को जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ मनाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की उपलब्धियां बताने का अभियान नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत के संकल्प से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास है।
नौ प्रमुख कार्यक्रम होंगे अभियान का हिस्सा
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि जिले में नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद’, ‘21 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के लिए संयोजकों की नियुक्ति कर दी गई है। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने लंबे समय से राष्ट्रसेवा को अपना जीवन समर्पित किया है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
17 सितंबर को हर बूथ पर जलेंगे ‘आशीर्वाद के दिए’ : केशरवानी
जिला प्रभारी अनिल केशरवानी ने बताया कि 17 सितंबर से सेवा संकल्प उत्सव की शुरुआत होगी। जिले के प्रत्येक बूथ पर परिवारों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, राष्ट्र और जनकल्याण के संकल्प में सहभागिता की जाएगी। इसके अलावा स्कूलों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
गांव-गांव पहुंचेगी सेवा ज्योति यात्रा
जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने बताया कि अभियान के दौरान गांव-गांव ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनसरोकार की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पालिका बांकीमोंगरा अध्यक्ष सोनी झा सहित भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




