बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को बलौदाबाजार जिला अस्पताल और सिविल अस्पताल भाटापारा में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। दोनों केंद्रों पर कुल 94 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इनमें भाटापारा में 51 यूनिट तथा बलौदाबाजार जिला अस्पताल में 43 यूनिट रक्तदान हुआ।

बलौदाबाजार जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदान कर रहे युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा रक्तदाताओं को गुलाब का फूल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने का माध्यम है। यही वजह है कि रक्तदान को ‘महादान’ कहा जाता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल और उपाध्यक्ष पवन साहू ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित किया। रक्तदाताओं में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
अधिकारियों के अनुसार शिविर में एकत्रित रक्त का उपयोग दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, सिकल सेल से पीड़ित मरीजों, प्रसव के दौरान जरूरतमंद महिलाओं तथा अन्य गंभीर चिकित्सा परिस्थितियों में किया जाएगा। इससे जरूरत के समय मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यदु, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, प्रणम्य पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी तथा सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य लोग उपस्थित रहे।




