वॉशिंगटन। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शनिवार को अपना वीकेंड दौरा बीच में छोड़कर व्हाइट हाउस लौट आए। ट्रंप मैरीलैंड स्थित राष्ट्रपति आवास कैंप डेविड में थे और उन्हें तय कार्यक्रम से एक दिन पहले वॉशिंगटन लौटना पड़ा। हालांकि, व्हाइट हाउस प्रशासन ने उनकी अचानक वापसी की आधिकारिक वजह नहीं बताई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान की ओर से युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका के सामने सात शर्तें रखे जाने और मांगें नहीं माने जाने पर ‘निर्णायक युद्ध’ की चेतावनी दिए जाने के बाद क्षेत्र में स्थिति और संवेदनशील हो गई है।
ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई ने अल जजीरा से बातचीत में कहा कि तेहरान मध्यस्थ कतर के संपर्क में है और ईरान की शर्तें अमेरिका तक पहुंचा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अब ईरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जवाब का इंतजार कर रहा है।
अमेरिकी राजनयिक मिशनों के लिए अलर्ट
ईरान की चेतावनी के बीच अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपने राजनयिक मिशनों के लिए हाई सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। अमेरिकी चेतावनी में कहा गया है कि ईरान समर्थित हूती समूह सऊदी अरब के खिलाफ सैन्य गतिविधियों में शामिल रहा है। इन गतिविधियों में नागरिक हवाई अड्डों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं भी शामिल हैं।
अमेरिका ने यह भी चेतावनी दी है कि मध्य पूर्व के बाहर उसके राजनयिक प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया जा सकता है। अमेरिकी अलर्ट के मुताबिक, ईरान और उसके समर्थक समूह दुनिया के विभिन्न हिस्सों में अमेरिकी हितों, अमेरिकी नागरिकों या अमेरिका से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
अमेरिकी अधिकारियों ने क्षेत्र से आने-जाने वाले अमेरिकी नागरिकों को हवाई अड्डों और एयरलाइंस के संचालन से जुड़ी जानकारी पर लगातार नजर रखने की सलाह दी है। तेजी से बदलते हालात के बीच यात्रियों से स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है।
ट्रंप का कैंप डेविड से तय समय से पहले व्हाइट हाउस लौटना ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम एशिया में सैन्य और राजनयिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, राष्ट्रपति की वापसी और क्षेत्रीय घटनाक्रम के बीच सीधे संबंध की आधिकारिक पुष्टि व्हाइट हाउस की ओर से नहीं की गई है।





