जांजगीर। जिला मुख्यालय स्थित भीम तालाब परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने यहां निर्मित बापू की कुटिया के पीछे हिस्से में लोहे की जाली से बनाई गई बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि भीम तालाब परिसर की सुरक्षा और देखरेख के लिए नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला द्वारा चौकीदार की नियुक्ति की गई है। इसके बावजूद परिसर में तोड़फोड़ की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भीम तालाब शहर का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, जहां लोगों का नियमित रूप से आना-जाना रहता है। ऐसे में परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
घटना के बाद सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और परिसर की निगरानी व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निगरानी और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।



