रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भारतीय जनता पार्टी के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी सामने आई है। पाटन विधानसभा चुनाव से जुड़े मामले में BJP ने भूपेश बघेल की फोटो पोस्ट कर उनकी चुनाव याचिका को लेकर तंज कसा और विधायकी रद्द होने की बात कही। वहीं, भूपेश बघेल ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने प्लांट को छत्तीसगढ़ की पहचान बताते हुए इसके संभावित निजीकरण को लेकर चिंता जताई और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
छत्तीसगढ़ भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल की चुनाव याचिका से जुड़े मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। BJP ने भूपेश बघेल की फोटो साझा करते हुए लिखा कि उनकी याचिका खारिज हो गई है और जल्द ही उनकी विधायकी भी रद्द हो सकती है। भाजपा ने अपने पोस्ट में कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और चुनावी नियमों के उल्लंघन के आरोपों का जवाब भूपेश बघेल को अदालत में देना होगा।
क्या है पाटन विधानसभा चुनाव से जुड़ा मामला?
यह मामला 2023 के पाटन विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। भाजपा नेता विजय बघेल ने आरोप लगाया था कि मतदान से पहले लागू 48 घंटे की प्रचार-निषेध अवधि के दौरान रैली निकाली गई थी। इस मामले को लेकर दायर चुनाव याचिका हाईकोर्ट में विचाराधीन बताई गई है। भाजपा का कहना है कि इस मामले में आगे आने वाले न्यायिक फैसलों का असर भूपेश बघेल की विधायकी पर पड़ सकता है।
BSP को लेकर भूपेश बघेल ने किया पोस्ट
चुनावी मामले को लेकर भाजपा की पोस्ट के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि अडानी भिलाई इस्पात संयंत्र का दौरा करने आ सकते हैं। इस संभावित दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार की नजर अब BSP पर है।
BSP छत्तीसगढ़ की आत्मा है, इसे बिकने नहीं देंगे- बघेल
भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में भिलाई स्टील प्लांट को छत्तीसगढ़ की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग इसे किसी भी कीमत पर बिकने नहीं देंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं को संबोधित करते हुए लिखा कि BSP बिकाऊ नहीं है। उनके इस बयान को भिलाई स्टील प्लांट के संभावित निजीकरण को लेकर जताई गई राजनीतिक चिंता के रूप में देखा जा रहा है।



