रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। वहीं 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है।
मौसम में इस बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र माना जा रहा है। इसके और मजबूत होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
अगले तीन दिनों में बढ़ेगा ठंड का अहसास
बारिश से पहले प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है। तापमान गिरने से सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड का अहसास बढ़ सकता है। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है और मौसम शुष्क बना हुआ है।
रायपुर में आज आसमान रहेगा साफ
राजधानी रायपुर में शनिवार, 24 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। एक दिन पहले 23 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था।
अंबिकापुर में पारा 13.9 डिग्री तक पहुंचा
प्रदेश में तापमान की बात करें तो 23 अक्टूबर को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान रायपुर में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 13.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि 28 और 29 अक्टूबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं।



