मुंगेली। जिला न्यायालय में ट्रक चोरी के मामले में पेशी के लिए लाए गए एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। आरोपी भगतराम राजपूत कटघरे से कूदकर सीधे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के डायस तक पहुंच गया। इस दौरान उसने न्यायाधीश को जान से मारने की धमकी दी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। घटना के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सरगांव पुलिस ने ट्रक चोरी के मामले में भगतराम राजपूत को गिरफ्तार किया था। उसे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया। इसी दौरान जब उससे नाम पूछा गया तो वह भड़क गया और विवाद करने लगा। देखते ही देखते आरोपी ने कटघरे से छलांग लगा दी और CJM के डायस तक पहुंच गया।
CJM को दिखाई उंगली, कांच का फ्रेम तोड़ने की कोशिश
आरोप है कि आरोपी ने न्यायाधीश शत्रुघन कुमार बेलदार को उंगली दिखाते हुए धमकी दी और कहा, “तू मेरे को जेल भेजेगा बे…”। इसके बाद उसने डायस पर लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने का भी प्रयास किया। आरोपी ने न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी बदसलूकी किए जाने की बात सामने आई है।
CJM की शिकायत पर FIR दर्ज
घटना के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।





