बलौदाबाजार। विकासखंड भाटापारा के ग्राम टेहका स्थित सूकर फार्म में सूअरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर (ASF) की पुष्टि हुई है। भोपाल स्थित एनआईएचएसएडी की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन और आसपास के क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित किया है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के आदेश के अनुसार सूकर फार्म के आसपास 2 किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन तथा 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित किया गया है। यह प्रतिबंधात्मक व्यवस्था छह माह की अवधि के लिए लागू रहेगी। सर्विलेंस जोन की परिधि में करीब 24 गांव शामिल हैं।
आदेश के तहत इन्फेक्टेड जोन से सूकरों के उत्पादन और आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं सर्विलेंस जोन में सूकरों से संबंधित बाजार और दुकानें बंद रखी जाएंगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, पशुओं में संक्रामक रोगों का नियंत्रण अधिनियम, 2009 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आरआरटी ने की जरूरी कार्रवाई
राज्य स्तरीय रोग अन्वेषण प्रयोगशाला के निर्देश पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) ने प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एसओपी के निर्धारित मानकों के अनुसार संक्रमित सूकरों की कलिंग, दफन/डिस्पोजल और सेनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी की गई।
आरआरटी ने बताया कि अफ्रीकन स्वाइन फीवर एक विषाणुजनित बीमारी है, जो सूकरों में अत्यधिक संक्रामक होती है। हालांकि, यह बीमारी सूकरों से मनुष्यों में नहीं फैलती। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और संक्रमण से संबंधित किसी भी सूचना के लिए अधिकृत अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है।
आपात स्थिति में जिला कंट्रोल रूम अथवा बलौदाबाजार में रैपिड रिस्पॉन्स टीम की नोडल अधिकारी डॉ. वर्षा शर्मा से मोबाइल नंबर 9826650630 पर संपर्क किया जा सकता है।




