सूरजपुर/भैयाथान। जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटया में विधायक मद से निर्माणाधीन शेड के निर्माण कार्य में कथित अनियमितता एवं गुणवत्ताहीन निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामवासी भृगु प्रसाद रजवाड़े ने इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भैयाथान को लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार शेड निर्माण के लिए स्वीकृत अभिलेखों में कॉलम का माप 9×12 दर्शाया गया है, जबकि मौके पर लगभग 9×9 के माप में निर्माण किए जाने का आरोप है। इसके अलावा नींव, सरिया, ईंट, गिट्टी, सीमेंट एवं अन्य निर्माण सामग्री की मात्रा तथा गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत में सवाल उठाए गए हैं।

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि संबंधित तकनीकी अधिकारी/इंजीनियर से मौके पर भौतिक एवं तकनीकी सत्यापन कराया जाए तथा स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मापदंड और मौके पर किए गए निर्माण का मिलान किया जाए। यदि जांच में अनियमितता अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत निर्माण पाया जाता है, तो नियमानुसार जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करते हुए शासकीय राशि की वसूली की जाए।
इस संबंध में जनपद पंचायत भैयाथान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। शेड निर्माण कार्य में लगाए गए आरोपों की तकनीकी जांच कराई जाएगी और जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतकर्ता भृगु प्रसाद रजवाड़े ने कहा कि सरकारी राशि से होने वाले निर्माण कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।



