रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और प्रदेश को मिली विकास की सौगातों को गिनाया। सोमवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है।
छत्तीसगढ़ से रहा PM मोदी का विशेष जुड़ाव
कृषि मंत्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से विशेष और आत्मीय संबंध रहा है। संगठन के दायित्व के दौरान उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के सुदूर वनांचलों का व्यापक दौरा किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।
गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
नेताम ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के करीब 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जनधन योजना के जरिए गरीबों के बैंक खाते खोलकर डीबीटी से योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 39.54 लाख महिलाओं को धुएं से राहत मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 41.50 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है।
आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा
कृषि मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। योजना का विस्तार 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों तक किया गया है। नए मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के विस्तार से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को भी मजबूती मिली है। नेताम ने कहा कि मुद्रा योजना, कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया और पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से युवाओं, उद्यमियों और पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर मिले हैं। इन योजनाओं से रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुले हैं।
किसानों के खातों में पहुंची 11,277 करोड़ से अधिक की सम्मान निधि
कृषि मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 25 लाख 51 हजार किसानों के खातों में अब तक 11,277 करोड़ रुपये से अधिक की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सीधे अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सिंचाई विस्तार, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल बीमा और किसान पंजीयन के जरिए कृषि व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ी उपलब्धि
नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रतिदिन औसतन करीब 1,600 पक्के मकानों का निर्माण हो रहा है। 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने 3 लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं, 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस पर 3 लाख 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश कराया गया।
जनजातीय क्षेत्रों में विकास को गति
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 6,691 जनजातीय गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पीवीटीजी के 56 हजार से अधिक परिवारों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। उन्होंने कहा कि वन धन केंद्रों और जनजातीय संग्रहालयों के जरिए आदिवासी संस्कृति और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा रही है।
नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई
नेताम ने कहा कि केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और सुरक्षा बलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ सहित देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य हासिल किया गया। उन्होंने बस्तर में ‘नियद नेल्लानार’ योजना, बस्तर पण्डुम और बस्तर ओलंपिक्स का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक इन पहलों से सुदूर क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिला है।
रेलवे, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती
कृषि मंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नई रेल लाइनों, दोहरीकरण और फ्लाईओवर से जुड़ी परियोजनाओं पर काम जारी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। उन्होंने रायपुर-विशाखापट्टनम मार्ग, रायपुर-दुर्ग बायपास और पत्थलगांव-कुनकुरी से झारखंड सीमा तक फोरलेन सड़क जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किए जाने की बात भी कही।
हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
नेताम ने कहा कि 24 फरवरी 2024 को ‘विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम के तहत 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इसके बाद 30 मार्च 2025 को बिलासपुर में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई। वहीं, 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 14,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के साथ नए विधानसभा भवन और जनजातीय संग्रहालय का उद्घाटन हुआ।
शिक्षा और उद्योग को भी मिली नई दिशा
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 29 जिलों में 130 पीएम श्री स्कूलों का उन्नयन किया गया है। रायपुर में विद्या समीक्षा केंद्र की शुरुआत की गई। नवा रायपुर में फार्मास्यूटिकल पार्क और स्मार्ट औद्योगिक क्षेत्र जैसी पहलों से निवेश को बढ़ावा मिलने की बात उन्होंने कही। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को भी स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ में जनभागीदारी
नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के जनसेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में 1.5 करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अकेले रायपुर में 25 लाख से अधिक दीये जलाए गए, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किए जाने की बात उन्होंने कही। उन्होंने कहा कि ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर चित्रकला, रंगोली, भाषण प्रतियोगिताओं के साथ जल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण का संकल्प
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ के निर्माण में ‘विकसित छत्तीसगढ़’ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ती रहेगी। पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग मौजूद रहे।



