Constitution Day 2026: देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इसी मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख लिखकर संविधान की महत्ता, उसकी मूल भावना और देश के विकास में उसकी भूमिका पर अपने विचार रखे हैं। लेख में उन्होंने संविधान सभा के सदस्यों, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव आंबेडकर को नमन किया। साथ ही कहा कि संविधान का प्रभाव संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों के जीवन में भी इसकी गहरी पहुंच होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। वहीं, विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने आपातकाल, संविधान संशोधनों, OBC आरक्षण और महिला आरक्षण जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।
संविधान दिवस पर PM मोदी की लेख में कही गई 9 बड़ी बातें
1. संविधान को बताया भारत की सभ्यतागत विरासत और आधुनिक लोकतंत्र का आधार
पीएम मोदी ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यतागत ज्ञान को आधार बनाकर आधुनिक संविधान तैयार किया। सरकार ने संविधान को आम लोगों, खासकर युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की।
2. सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को भी मिला देश की सेवा का अवसर
प्रधानमंत्री ने अपने बचपन और सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि इसी संवैधानिक व्यवस्था के कारण उनके जैसे सामान्य परिवार में जन्मे व्यक्ति को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा करने की जिम्मेदारी मिल सकी।
3. सरकारी योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय से जोड़ा
पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और यूपीआई जैसी पहलों को संविधान में किए गए सामाजिक और आर्थिक न्याय के वादे को पूरा करने की दिशा में उठाए गए कदम बताया।
4. तीन संविधान संशोधनों का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने तीन महत्वपूर्ण संविधान संशोधनों को लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने वाला बताया।
– 101वां संविधान संशोधन: वस्तु एवं सेवा कर (GST) लागू करने का संवैधानिक आधार तैयार हुआ।
– 102वां संविधान संशोधन: राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) को संवैधानिक दर्जा मिला।
– 103वां संविधान संशोधन: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।
5. संविधान को आम लोगों के और करीब लाने की बात
पीएम मोदी ने कहा कि संविधान को देश के नागरिकों तक पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने संविधान को आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराने और भारतीय न्याय संहिता के जरिए औपनिवेशिक दौर के कानूनों में बदलाव का उल्लेख किया। उनके मुताबिक, इसका उद्देश्य दंड केंद्रित व्यवस्था से नागरिक केंद्रित न्याय व्यवस्था की ओर बढ़ना है।
6. आपातकाल और पुराने संविधान संशोधनों पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री ने अपने लेख में पहले संविधान संशोधन और 42वें संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इनके जरिए मौलिक स्वतंत्रताओं और न्यायिक समीक्षा की व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील की, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता का दुरुपयोग किस तरह संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर भी विपक्षी दल पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि एक पार्टी ने लगभग 100 बार इस अनुच्छेद का इस्तेमाल कर निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया और एक प्रधानमंत्री ने 50 से अधिक बार ऐसा किया। ये प्रधानमंत्री के लेख में लगाए गए राजनीतिक आरोप हैं।
7. अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद का किया जिक्र
पीएम मोदी ने 2019 में अनुच्छेद 370 और 35A में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जम्मू-कश्मीर में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, OBC और महिलाओं को अधिकारों का लाभ मिलने का रास्ता खुला। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया और कहा कि इससे प्रभावित इलाकों के गरीब नागरिकों को अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिला है।
8. OBC आरक्षण और महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी OBC आरक्षण का हिस्सा कम करके मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने धर्म के आधार पर आरक्षण का समर्थन नहीं किया था।
Constitution Day 2026: महिला आरक्षण के मुद्दे पर पीएम मोदी ने संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को याद किया और महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विपक्ष पर महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल अब ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है।
9. 2047 तक विकसित भारत के लिए ‘इंडिया फर्स्ट’ और कर्तव्य पर जोर
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और काम में कर्तव्य का भाव होना चाहिए। उनके मुताबिक, इन्हीं मूल्यों के आधार पर 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बीजेपी मनाएगी संविधान गौरव दिवस, अमित शाह और नितिन नवीन के कार्यक्रम
Constitution Day 2026: संविधान दिवस के मौके पर बीजेपी देशभर में ‘संविधान गौरव दिवस’ के तहत कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अलग-अलग शहरों में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे।
– अमित शाह: नई दिल्ली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इसमें शामिल होंगी।
– नितिन नवीन: पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
– जेपी नड्डा: अहमदाबाद में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह शाम 3:55 बजे सारंगपुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे पालडी स्थित टैगोर हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे।
संविधान दिवस 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान अपनाए जाने की याद में मनाया जाता है। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था। वर्ष 2015 से हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।





