कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इसके जरिए किसी व्यक्ति के विदेश आने-जाने पर नजर रखी जाती है। विदेश जाने से भी रोका जा सकता है।
सरकार के मुताबिक, दास के पासपोर्ट में पिता के नाम, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में गड़बड़ी मिली है। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी भारतीय नागरिकता पर भी पड़ सकता है। केंद्र के वकील एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने कोर्ट को बताया कि पुडुचेरी के SP ने 20 अगस्त को जांच में पासपोर्ट की गड़बड़ियां पकड़ी थीं।
दास बोले- मुझे नोटिस की जानकारी नहीं दी गई
दास के वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि सौरव को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश जाने से रोकने के बारे में पहले नहीं बताया गया था। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था। वकील ने कोर्ट से लुकआउट नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। इस पर केंद्र ने कहा कि लुकआउट नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती। हालांकि, अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।
सरकार बोली- पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया, सिर्फ विदेश जाने से रोका
केंद्र ने कोर्ट को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे दास को नोटिस भेजा गया था। इसके 4 मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सरकार ने कहा कि दास का पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है। उन्हें सिर्फ विदेश यात्रा न करने को कहा गया था। वहीं, हाईकोर्ट ने केंद्र, गृह मंत्रालय और पुलिस से 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है। इसी दिन अगली सुनवाई होगी।
विदेश मंत्रालय ने कहा था- पासपोर्ट में दर्ज जानकारियों का स्पष्टीकरण मांगा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कहा था कि सौरव दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उनसे 7 दिन में जवाब देने को कहा गया है। जवाब देने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
सौरव की याचिका पर ही सुनवाई
विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ सौरव दास ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। उनके वकील ने बुधवार को एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की थी।
सौरव का आरोप- मेरा पासपोर्ट लीक किया गया
सौरव ने X पर पोस्ट किया- भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने मेरा पासपोर्ट लीक कर दिया है। यह चिंता का विषय है। क्या विदेश मंत्रालय बताएगा कि नागरिकों के पासपोर्ट इस तरह लीक होना सामान्य बात है? क्या नए भारत में किसी की निजी जानकारी सार्वजनिक करना कानूनी कर दिया गया है?
सौरव दास का आरोप- फ्लाइट में जाने ही नहीं दिया गया
सौरव ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करके बताया था कि मुझे ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए यूके जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात 1 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन मुझे इसमें जाने नहीं दिया गया। इमिग्रेशन काउंटर पर रोक दिया गया था।
उन्होंने बताया कि मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से कॉकरोच मूवमेंट पर बात करने के निमंत्रण मिले थे। हालांकि, आधिकारिक लिस्टिंग के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है। इसमें सौरव को शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से चलने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है। यह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
दीपके ने कहा था- सरकार CJP की लोकप्रियता से घबराई
दीपके ने सौरव दास का समर्थन किया है। दीपके कहा कहा, ‘जब वे एयरपोर्ट पर थे, तब उन्हें इमिग्रेशन पर रोक दिया गया। उनसे कहा गया कि वे भारत से बाहर नहीं जा सकते। मुझे समझ नहीं आता कि ऐसा क्यों किया गया। अगर दास ने कोई धोखाधड़ी या घोटाला किया होता, तब भी उन्हें एयरपोर्ट पर इस तरह नहीं रोका जाता। ये सभी बहाने हैं।’
‘क्या सौरव आतंकवादी, अपराधी या ठग हैं, जिन्हें इस तरह से रोका। मोदी सरकार विजय माल्या, मेहुल चोकसी या नीरव मोदी जैसे लोगों को नहीं रोकती। इन पर अब भी देश का 58 करोड़ बकाया है। सरकार को 27 साल के सौरव दास से परेशानी है। जिन लोगों ने देश लूटा, उनसे परेशानी नहीं।”





