देश में पैकेज्ड फूड और जंक फूड के बढ़ते चलन के बीच आम उपभोक्ताओं को भ्रामक जानकारियों से बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। ‘3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी’ द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए सर्वोच्च अदालत ने फ्रंट-ऑफ-पैकेज पोषण लेबलिंग (FOPNL) को लेकर स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिससे अब खरीदार पैकेट के सामने वाले हिस्से को देखकर ही उत्पाद के पोषण और जोखिम का सही आकलन कर सकेंगे।
क्या है फ्रंट-ऑफ-पैकेज पोषण लेबलिंग और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य निर्देश?
फ्रंट-ऑफ-पैकेज पोषण लेबलिंग (FOPNL) एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत खाद्य उत्पादों के पैकेट के मुख्य हिस्से पर ही पोषण संबंधी जानकारी प्रमुखता से दी जाती है ताकि उपभोक्ता तुरंत स्वास्थ्य के लिहाज से सही निर्णय ले सकें। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि कंपनियों को कई पोषक तत्वों के लिए एक संयुक्त प्रतीक के बजाय फैट, शुगर और सॉल्ट में से प्रत्येक के लिए अलग षट्कोणीय (Hexagonal) चेतावनी लेबल लगाना होगा।
प्रत्येक हेक्सागोनल लेबल में संबंधित पोषक तत्व के मानक चित्र के साथ स्पष्ट शब्दों में ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, पैकेज के मुख्य डिस्प्ले पैनल के अनुपात में प्रत्येक हेक्सागोन का आकार पैनल के 4 से 5 प्रतिशत के बराबर होना चाहिए और एफएसएसएआई को इसका फॉन्ट साइज इतना स्पष्ट रखना होगा कि सामान्य खरीद के समय यह आसानी से पढ़ा जा सके।
‘टोटल शुगर’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ पर अदालत का कड़ा रुख और संतुलित सीमा
सुप्रीम कोर्ट ने पोषण मानकों के निर्धारण में तकनीकी बारीकियों पर जोर देते हुए एफएसएसएआई (FSSAI) को निर्देश दिया है कि चिंताजनक पोषक तत्वों की सीमा तय करने के लिए ‘एडेड शुगर’ और ‘एडेड फैट’ के बजाय ‘टोटल शुगर’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ को आधार बनाया जाए। पीठ ने यह भी रेखांकित किया कि यह सीमा साक्ष्यों के आधार पर ऐसी संतुलित होनी चाहिए जो न तो बहुत कम हो और न ही बहुत अधिक।
अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि सीमा बहुत कम रखी गई तो लगभग हर उत्पाद पर चेतावनी लग जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं में ‘लेबल थकान’ पैदा होगी और वे इसे गंभीरता से नहीं लेंगे, जबकि सीमा बहुत ऊंची होने पर हानिकारक उत्पाद चेतावनी के दायरे से बाहर निकल जाएंगे।
कनाडाई मॉडल पर आधारित एफएसएसएआई का प्रस्ताव और स्वीटनर्स पर चेतावनी
इस मामले में न्यायिक हस्तक्षेप के बाद नियमों के मसौदे में कई चरणबद्ध सुधार देखने को मिले हैं। एफएसएसएआई ने शुरुआत में दो-चरणीय व्यवस्था का प्रस्ताव रखा था, जिसमें पहले चरण में दो या अधिक पोषक तत्वों की अधिकता वाले उत्पादों पर और बाद में एकल पोषक तत्व वाले उत्पादों पर लेबल लगना था, लेकिन याचिकाकर्ता ने इसे अवैज्ञानिक बताकर विरोध किया था।
इसके बाद एफएसएसएआई ने किसी भी एक पोषक तत्व की सीमा पार होने पर लाल हेक्सागोनल लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया, जो मोटे तौर पर कनाडाई मॉडल और आईसीएमआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) की डाइटरी गाइडलाइंस 2024 पर आधारित है। इसके अलावा, नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर अलग से ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ की चेतावनी और अधिसूचना के बाद 365 दिनों की स्वैच्छिक कार्यान्वयन अवधि का प्रस्ताव भी रखा गया है।
स्कूली पाठ्यक्रम में पोषण साक्षरता और 10 सप्ताह में हलफनामे का आदेश
अदालत ने केवल पैकेजिंग सुधार तक सीमित न रहकर भावी पीढ़ी को जागरूक करने के लिए केंद्र सरकार को स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव करने तथा बच्चों को व्यावहारिक पोषण साक्षरता सिखाने हेतु इंटरैक्टिव वर्कशॉप व सह-पाठ्यचर्या गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही, खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम, 2020 को पूरी सख्ती से लागू करने को कहा गया है। सर्वोच्च अदालत ने एफएसएसएआई को नए नियमों के मसौदे की प्रगति रिपोर्ट साझा करने और औपचारिक हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 सप्ताह का समय दिया है, जिसके बाद मामले की अगली सुनवाई होगी।





