नई दिल्ली। अगर आपका सेविंग अकाउंट Axis Bank में है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। बैंक ने 1 दिसंबर 2026 से सेविंग अकाउंट से जुड़े कई नियमों और सर्विस चार्ज में बदलाव करने का फैसला किया है। इन बदलावों का सीधा असर कैश जमा करने और निकालने, मिनिमम बैलेंस, चेक से लेनदेन और प्रीमियम बैंकिंग सुविधाओं पर पड़ेगा। इतना ही नहीं, कुछ प्रीमियम सेविंग अकाउंट पर मिलने वाले EDGE Rewards पॉइंट भी बंद किए जा रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों को नए नियमों की जानकारी रखना जरूरी है, ताकि अनावश्यक बैंकिंग चार्ज से बचा जा सके।
महीने में सिर्फ 3 बार कर सकेंगे फ्री कैश ट्रांजैक्शन
Axis Bank के EASY ACCESS, KRISHI और SAHAJ समेत कुछ घरेलू और NRI सेविंग अकाउंट में कैश ट्रांजैक्शन के नियम बदलने जा रहे हैं। अभी इन खातों में महीने के पहले 4 कैश ट्रांजैक्शन फ्री होते हैं। इसके अलावा 1 लाख रुपए तक के कुल कैश लेनदेन पर भी चार्ज नहीं लगता। लेकिन 1 दिसंबर से फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या घटाकर 3 कर दी जाएगी। यानी तीन बार तक फ्री कैश ट्रांजैक्शन या 1 लाख रुपए की सीमा में से जो पहले पूरी होगी, उसके बाद बैंक के निर्धारित चार्ज देने होंगे।
मिनिमम बैलेंस नहीं रखने पर 600 रुपए तक जुर्माना
बैंक ने औसत मासिक बैलेंस यानी AMB मेंटेन नहीं करने पर लगने वाले चार्ज की अधिकतम सीमा में भी बदलाव किया है। घरेलू EASY ACCESS और संबंधित खातों में मेट्रो और शहरी क्षेत्रों में अधिकतम 600 रुपए का चार्ज पहले से लागू है। वहीं अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में यह सीमा क्रमशः 300 और 150 रुपए थी। अब 1 दिसंबर से इन दोनों क्षेत्रों में भी अधिकतम चार्ज 600 रुपए हो जाएगा। NRI EASY ACCESS खातों में भी अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अधिकतम चार्ज 300 से बढ़ाकर 600 रुपए किया जा रहा है। हालांकि, यह बदलाव सैलरी अकाउंट पर लागू नहीं होगा।
इन प्रीमियम खातों पर बंद होंगे EDGE Rewards पॉइंट
Axis Bank के कुछ खास सेविंग अकाउंट धारकों को अब EDGE Rewards प्रोग्राम का लाभ नहीं मिलेगा। 1 दिसंबर से Burgundy, PRIORITY, PRESTIGE, PRIME NRI और EASY NRI खातों पर नए EDGE Rewards पॉइंट मिलना बंद हो जाएगा। यानी इन खातों के ग्राहक बैंकिंग ट्रांजैक्शन के जरिए पहले की तरह रिवॉर्ड पॉइंट नहीं कमा पाएंगे। इसके अलावा कुछ प्रीमियम खातों में Total Relationship Value (TRV) की अनिवार्य सीमा 75 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत की जा रही है। इसका मतलब है कि ग्राहकों को अपने खाते की श्रेणी के अनुसार पूरी निर्धारित TRV बनाए रखनी होगी।
चेक बाउंस होने पर हर बार देने होंगे 200 रुपए
चेक से लेनदेन करने वाले ग्राहकों के लिए भी बैंक ने चार्ज बढ़ा दिए हैं। अभी कई खातों में चेक वापस होने पर पहली बार 50 रुपए और इसके बाद हर बार 100 रुपए का चार्ज लगता है। लेकिन 1 दिसंबर से चेक रिटर्न होने पर हर बार 200 रुपए देने होंगे। यह बदलाव EASY ACCESS, ADVANTAGE, ARISE Women’s, SAMPANN, KRISHI, SAHAJ, TASC, PRIME, LIBERTY, PRESTIGE, PRIORITY और Burgundy समेत कई खातों पर लागू होगा। वहीं NRI Burgundy, PRIORITY, PRESTIGE और PRIME खातों में डिलिवरेबल रिटर्न चार्ज 50 रुपए से बढ़ाकर सीधे 500 रुपए किया जा रहा है।
ग्राहक अभी से कर लें ये जरूरी काम
Axis Bank के ग्राहकों को 1 दिसंबर से पहले अपने सेविंग अकाउंट की कैटेगरी, मिनिमम बैलेंस और फ्री कैश ट्रांजैक्शन की सीमा जरूर चेक कर लेनी चाहिए। खासकर ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों को नए AMB चार्ज पर ध्यान देना होगा। वहीं प्रीमियम और NRI खाताधारकों को TRV और EDGE Rewards से जुड़े बदलाव समझने चाहिए। बैंक के नए चार्ज लागू होने के बाद छोटी-छोटी बैंकिंग गलतियां भी आपकी जेब पर भारी पड़ सकती हैं।



