महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में बीती रात डीजे डांस प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
डीजे प्रतियोगिता देखने पहुंचे युवक की गई जान
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम कोल्दा में डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी होने लगी। इस घटना में ग्राम कोमा निवासी 22 वर्षीय डेनिल दीवान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने सगे-संबंधियों के साथ डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचा था। अचानक हुई इस हिंसक घटना में उसकी जान चली गई। चाकूबाजी में मनीष, मन्नू और सोमनाथ दीवान भी घायल हुए हैं। तीनों को उपचार के लिए महासमुंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। फिलहाल विवाद की असली वजह और चाकूबाजी में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।





