रायगढ़। जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनियमितता बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरमजयगढ़ क्षेत्र में डीएमएफ के कार्यों में लापरवाही की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार और इंजीनियर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के कार्यों और शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को डीएमएफ के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता में कमी या किसी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर तत्काल जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
डीसीएस और एग्रीस्टैक के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) और एग्रीस्टैक की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं और आवश्यक सुझावों से तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि शासन स्तर पर उनका निराकरण कराया जा सके।
प्रधानमंत्री आवास के अधूरे निर्माण जल्द पूरे करें
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माणाधीन आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों के खातों में आवास निर्माण के लिए राशि जारी होने के बावजूद वे निर्माण कराने के इच्छुक नहीं हैं, उनके मामलों में नियमानुसार राशि की वसूली की कार्रवाई की जाए।
पहाड़ी कोरवा परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए किए जा रहे सर्वे की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सर्वे के आधार पर योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों की पहचान करने और उनकी जरूरतों का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से पात्र परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा।
एयरपोर्ट, रिंग रोड और आंगनबाड़ी भवनों की समीक्षा
बैठक में रायगढ़ जिले में एयरपोर्ट और रिंग रोड निर्माण सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधूरे भवनों का निर्माण जल्द पूरा कराने को कहा।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों और बिलों के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के तहत लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
विभागीय योजनाओं और लंबित मामलों के निराकरण पर जोर
बैठक में ऑरेंज एरिया सर्वे, आदर्श ग्राम योजना, पशुओं के बधियाकरण, श्रम विभाग की योजनाओं के तहत पंजीयन, स्कूलों में बायोमेट्रिक अद्यतन, मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन, ई-रिक्शा चालक प्रशिक्षण और धान विक्रय के लिए किसानों के पंजीयन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारी स्वयं क्षेत्रों का भ्रमण करें, कार्यों का निरीक्षण करें और नियमित निगरानी रखें।
उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।



