रायपुर। दीपावली एवं आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा यूपीआई मर्चेंट ट्रांजेक्शन (P2M) पर प्रस्तावित एमडीआर (MDR) शुल्क को दीपावली बाद तक स्थगित किए जाने के निर्णय का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है। चेम्बर ने इस निर्णय को व्यापारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि त्योहारी सीजन व्यापार जगत के लिए वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। धनतेरस और दीपावली के दौरान खुदरा एवं थोक बाजारों में बड़े पैमाने पर डिजिटल लेन-देन होता है। ऐसे समय में यूपीआई लेन-देन पर अतिरिक्त शुल्क लगने से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ता और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के प्रयास भी प्रभावित हो सकते थे।
थौरानी ने बताया कि यूपीआई शुल्क को लेकर व्यापारियों की चिंताएं सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने तत्काल इस विषय को गंभीरता से उठाया। चेम्बर ने व्यापारियों की भावनाओं और हितों को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण तथा छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के समक्ष प्रमुखता से रखा। व्यापारियों की मांग और बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शुल्क स्थगित करने का निर्णय लिया गया, जिससे त्योहारी सीजन में व्यापारियों को राहत मिली है।
इस निर्णय पर आभार व्यक्त करते हुए चेम्बर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि शुल्क स्थगित होने से फिलहाल व्यापारियों को राहत मिली है, लेकिन चेम्बर छोटे, मध्यम और खुदरा व्यापारियों के हितों की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। डिजिटल इंडिया अभियान की मूल भावना को बनाए रखने और व्यापारियों पर अनुचित वित्तीय भार नहीं पड़ने देने के उद्देश्य से दीपावली के बाद भी केंद्र सरकार एवं संबंधित विभागों के साथ संवाद जारी रखा जाएगा। चेम्बर इस विषय के स्थायी समाधान के लिए अपना पक्ष मजबूती से रखेगा।
थौरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी के स्वाभिमान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और आगे भी व्यापारियों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा।



