रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्टून कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। कार्टून गंभीर सामाजिक मुद्दों और विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के जरिए सरलता से लोगों तक पहुंचाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार एक प्रभावशाली कार्टून वह बात आसानी से कह देता है, जिसे हजारों शब्दों में समझाना मुश्किल होता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कला और साहित्य समाज की चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्टून में चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने भारतीय कार्टून कला के महान कलाकार आर.के. लक्ष्मण का उल्लेख करते हुए उनके प्रसिद्ध चरित्र ‘कॉमन मैन’ को आम नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आर.के. लक्ष्मण का योगदान भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।
जयपुर के कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
कार्टून फेस्टिवल-2026 के दौरान जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किए जाने पर मुख्यमंत्री ने बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी कलाकार के लंबे रचनात्मक सफर और योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में कार्टून कला को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
युवा कार्टूनिस्टों से बोले CM- राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें प्रदेश का नाम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी मौलिकता और रचनात्मकता बनाए रखते हुए डिजिटल माध्यमों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज तकनीक ने कलाकारों के लिए अभिव्यक्ति के नए रास्ते खोले हैं। युवा अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य और रचनात्मक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन, कार्टून वॉच के 30 साल पूरे
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व की यात्रा को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया जा सकता है। वहीं, कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को बधाई दी गई। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के संरक्षण और सामाजिक विषयों को व्यंग्य के जरिए प्रस्तुत करने में पत्रिका के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार, जनप्रतिनिधि, कलाकार और देशभर से आए कार्टूनिस्ट मौजूद रहे।



