रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देने के लिए बुधवार से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत हो रही है। बुधवार शाम 5:30 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लीग की शुरुआत करेंगे। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खड़से समेत राज्य के खेल मंत्री अरुण साव उपस्थित रहेंगे। यह राज्य की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है।
प्रतियोगिता रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगी। इसमें राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। लीग का समापन 1 नवंबर को फाइनल मैच के साथ होगा। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के बाद किया गया है। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 18 और राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
लीग में छत्तीसगढ़ के उभरते खिलाड़ियों के साथ भारतीय हॉकी के कई अनुभवी नाम भी हिस्सा लेंगे इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम शामिल हैं। लीग के एंबेसडर पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह हैं। सरदार सिंह के अनुसार, यह लीग छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए एक बेहतर मंच दे सकती है। प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मैचों का अनुभव मिलेगा और उन्हें अपनी खेल क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा।
छह टीमें, अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं। सभी टीमें लीग के दौरान एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले करेंगी और प्रदर्शन के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगी। टीमों के मुख्य कोच और सहायक कोच भी नियुक्त किए गए हैं। सहायक कोचों में छत्तीसगढ़ के लोगों को शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को तैयार करने की प्रक्रिया को मजबूत किया जा सके।

पहले दिन राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स आमने-सामने
लीग के पहले दिन गुरुवार 22 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे महिला प्रदर्शनी मैच खेला जाएगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच मुकाबले के साथ लीग के मैचों की शुरुआत होगी। टूर्नामेंट में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। 30 अक्टूबर को आराम का दिन रहेगा, जबकि 31 अक्टूबर को दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला 1 नवंबर को शाम 7 बजे होगा। लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य राज्य में हॉकी के विकास को गति देना, उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराना और खेल के लिए मजबूत व्यवस्था तैयार करना है।



