बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम रसेड़ा और डमरू का दौरा कर छात्रावास एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। ग्राम रसेड़ा स्थित शासकीय प्री-मेट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक लवकेश निराला अनुपस्थित मिले। छात्रावास में वाटर कूलर खराब होने और साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने अधीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने छात्रावास में मौजूद छात्रों से अधीक्षक के नियमित रूप से छात्रावास में रहने, भोजन की गुणवत्ता, कमरों की साफ-सफाई, स्कूल ड्रेस और पुस्तकों सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से छात्रावास की क्षमता और वर्तमान प्रवेश संख्या के संबंध में भी जानकारी ली। बताया गया कि छात्रावास 50 सीटर है, जिसमें इस वर्ष 29 छात्र प्रवेशित हैं। यहां रहने वाले अधिकांश छात्र निजी विद्यालयों में अध्ययनरत हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रसोई, भंडार कक्ष और शयन कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने रसोइये से सब्जी और चावल की गुणवत्ता तथा प्रतिदिन के मेन्यू की जानकारी ली। छात्रों की बेडशीट की हर सप्ताह धुलाई कराने और छात्रावास में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही दरवाजों सहित अन्य टूट-फूट की तत्काल मरम्मत कराने तथा नवप्रवेशित छात्रों के नाम सूचीबद्ध कर नाम पट्टिका में अंकित कराने के निर्देश सहायक आयुक्त को दिए।
पीएचसी में बुजुर्ग से लिया स्वास्थ्य का हाल
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम डमरू स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां बीपी जांच कराने पहुंचे बुजुर्ग द्वारका प्रसाद से उन्होंने बातचीत कर स्वास्थ्य का हाल जाना और उनका ब्लड प्रेशर भी चेक कराया। बुजुर्ग ने चश्मे की आवश्यकता बताई, जिस पर कलेक्टर ने सीएमएचओ को तत्काल चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएचओ और एएनएम से प्रतिमाह होने वाले प्रसव, प्रतिदिन की ओपीडी संख्या और दवाइयों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. राजेश अवस्थी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सूरज दास मानिकपुरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



