रायपुर। छत्तीसगढ़ के 3,200 करोड़ रुपये के बहुचर्चित शराब घोटाले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पित कर भारत लाए गए प्रमुख आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के लिए शुक्रवार देर रात रायपुर की अदालत खोली गई। एसीबी कोर्ट में न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रात करीब 11:30 बजे उसे चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेश राय की कोर्ट में पेश किया गया।
एसीबी-ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा) ने पूछताछ के लिए छह दिसंबर तक रिमांड की मांग की, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 30 नवंबर तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर सौंपने का आदेश दिया। इसके बाद रात 12:33 बजे जांच एजेंसी की टीम उसे लेकर मुख्यालय रवाना हुई। अब सोमवार को उसे पुनः अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
दुबई एयरपोर्ट से मुंबई होकर पहुंचा रायपुर
शराब सिंडिकेट में केंद्रीय वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ की भूमिका निभाने वाले मूलतः बिलासपुर निवासी विकास के खिलाफ वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। नवंबर 2024 में आरोपपत्र दाखिल होने के बावजूद वह कानूनी शिकंजे से बचकर यूएई में रह रहा था और वहां बोस्टन कंसल्टिंग नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। राज्य पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल द्वारा रेड नोटिस जारी किए जाने के बाद यूएई की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची, जहां दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उसे भारतीय टीम को सौंपा गया। इसके बाद शुक्रवार को मुंबई एयरपोर्ट पर सीबीआई ने उसे ईओडब्ल्यू के हवाले किया, जहां से ईओडब्ल्यू प्रमुख आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में डीएसपी रोशन आहूजा और डीएसपी राहुल शर्मा की टीम देर रात उसे लेकर रायपुर पहुंची।
बचाव पक्ष ने उठाए कानूनी बिंदु
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता शशांक मिश्रा ने भारत और यूएई के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि व प्रत्यर्पण अधिनियम का हवाला दिया। उन्होंने तर्क रखा कि आरोपी पर केवल उन्हीं धाराओं और अपराधों के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है, जिनके आधार पर उसका प्रत्यर्पण हुआ है तथा इसमें कोई नया अपराध नहीं जोड़ा जा सकता। इसके साथ ही विदेश से लाने की प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने और पूछताछ के दौरान अधिकृत अधिकारी की मौजूदगी में मानवाधिकारों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। अदालत ने दलीलों पर गौर करते हुए रिमांड मंजूर कर दी।
3,200 करोड़ के सिंडिकेट का राजदार
सीबीआई और जांच एजेंसियों के मुताबिक, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं, जिससे सरकारी खजाने को 3,200 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। विकास सिंडिकेट के प्रमुख चेहरे अनवर ढेबर का करीबी सहयोगी रहा है। उस पर आरोप है कि वह डिस्टिलरी से कमीशन की रकम वसूलता था और इसे अधिकारियों व अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न कंपनियों और वित्तीय माध्यमों से घोटाले की रकम का स्रोत व मालिकाना हक छिपाने की व्यवस्था संभालता था।
इसी कड़ी में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मैनपावर और ओवरटाइम गड़बड़ी को लेकर रायपुर, धमतरी, भिलाई, राजनांदगांव और बिलासपुर में पांच ठिकानों पर दबिश दी, जिसमें जेल विभाग के सहायक वित्त अधिकारी राजेंद्र सिंह और धमतरी की अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह के आवास पर दस्तावेजों व डिजिटल साक्ष्यों की जांच शामिल है।
विदेश से प्रत्यर्पण की दूसरी सफलता
छत्तीसगढ़ से जुड़े बड़े आर्थिक अपराधों में विदेश में छिपे आरोपियों को भारत लाने के मोर्चे पर यह एजेंसियों की दूसरी बड़ी कामयाबी है। इससे पहले महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर का प्रत्यर्पण कराया गया था। उधर, शराब घोटाला प्रकरण में केके श्रीवास्तव को छोड़कर कवासी लखमा, सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर और चैतन्य बघेल जैसे अधिकांश प्रमुख आरोपी जमानत पर बाहर हैं, जबकि रामगोपाल अग्रवाल अन्य लंबित मामलों के चलते जेल में निरुद्ध हैं।





