प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर अपनी सरकार का संकल्प दोहराया है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश साझा कर उन्होंने कहा कि नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पीएम ने भरोसा दिलाया कि लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने की राह में आने वाली हर बाधा दूर की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर एक वीडियो संदेश साझा कर संसद व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने का संकल्प दोहराया। पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए यह लड़ाई दशकों से चल रही है और कई महिलाओं ने पत्रों तथा व्यक्तिगत मुलाकातों के जरिए उनके सामने यह मुद्दा उठाया है।
उन्होंने कहा कि वे भी उन लोगों में शामिल रहे हैं जिन्होंने इसके लिए संघर्ष किया है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार का संकल्प अटल है, देश भर की महिलाओं का समर्थन उनके साथ है और वे नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने तथा इस राह की हर बाधा हटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
अमित शाह बोले- खत्म होने जा रहा महिलाओं का दशकों पुराना इंतजार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पीएम मोदी के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कहा कि नारी शक्ति को जनप्रतिनिधित्व में मजबूत भागीदारी दिलाना मोदी सरकार का संकल्प रहा है। उन्होंने ‘X’ पर लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय कैबिनेट द्वारा 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने के साथ ही देश की महिलाओं की दशकों पुरानी प्रतीक्षा समाप्त होने जा रही है।
अमित शाह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को दिए गए 33% आरक्षण का सपना अब साकार होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे महिलाओं को शासन में सशक्त भागीदार बनाने वाली इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करें।
क्या है 132वां संविधान संशोधन बिल? 850 होगी लोकसभा की क्षमता, 2051 तक फ्रीज रहेंगी सीटें
सोमवार, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक शुरू होने जा रही है, जो 3 दिसंबर तक चलेगी। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने तीन संशोधित मसौदा विधेयकों- संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक 2026 और केंद्रशासित प्रदेशों के कानूनों में संशोधन से जुड़े बिल- को मंजूरी दी है।
नए प्रस्तावों के तहत प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटों और राज्य विधानसभाओं की सीट संख्या में एकसमान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इससे लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 543 से बढ़कर 850 (राज्यों से 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35) हो जाएगी, जबकि राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का आधार 1971 की जनगणना को ही बनाए रखा गया है ताकि किसी राज्य के प्रतिनिधित्व के अनुपात पर असर न पड़े, और इन संशोधित सीटों व सीमाओं को वर्ष 2051 तक के लिए फ्रीज रखा जाएगा।
विपक्ष में बदला सियासी समीकरण: DMK और शरद पवार गुट साथ आए, कांग्रेस का विरोध जारी
अप्रैल 2026 में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल न कर पाने के कारण गिर गया था। लेकिन इस बार नए विधेयक में सभी राज्यों की सीटों में 50% की समान बढ़ोतरी और 2051 तक सीटें फ्रीज रखने का प्रावधान जुड़ने के बाद सरकार को बड़ी कामयाबी मिली है।
अप्रैल में बिल का विरोध करने वाली एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके (DMK) और शरद पवार की एनसीपी ने अब इस नए विधेयक को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है, जिससे सरकार के पास बहुमत का आंकड़ा मजबूत हो गया है।
दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने बैठक कर इस बिल के विरोध की रणनीति बनाई है। विपक्ष का कहना है कि परिसीमन से जोड़े बिना मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही तुरंत 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए।





