दिल्ली शुक्रवार को पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स, यानी AQI 403 दर्ज किया। दिल्ली यूनिवर्सिटी के आसपास AQI 478 और ITO इलाके में 455 दर्ज किया गया।
स्विस संस्था IQAir के मुताबिक, दिल्ली का AQI 334 दर्ज हुआ। यह खतरनाक श्रेणी में आता है। इसके मुताबिक, दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर पाकिस्तान का लाहौर है, जिसका AQI 197 दर्ज हुआ।
देश के 18 शहरों में औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 301 से 400 के बीच दर्ज किया गया। इनमें हरियाणा के 9, उत्तर प्रदेश के 5, राजस्थान, पंजाब, तमिलनाडु का 1-1 और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली शामिल है।
गुरुग्राम का पंचगांव सबसे प्रदूषित रहा। दरअसल, दिल्ली-एनसीआर में जमीन से आसमान में करीब 1000 मीटर तक प्रदूषण की परत बनी हुई है। हरियाणा में 23 शहरों में हवा का स्तर ‘बहुत खराब’ या ‘खराब’ रहा।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट
इधर, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी है। इसके असर से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है और सुबह धुंध छाने लगी है। राजस्थान में अगले 2 दिन आंधी-बारिश का यलो अलर्ट है। उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश की संभावना है।





