राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शहर के विभिन्न बाजारों, चौक-चौराहों और आवासीय क्षेत्रों में संचालित मांस विक्रय की दुकानों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित करने तथा खुले में मांस काटने और विक्रय पर रोक लगाने की मांग को लेकर गुरुवार को सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपा। इस पहल में विभिन्न समाजों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता देखने को मिली।
अग्रसेन भवन से निकला सर्वसमाज का नगर भ्रमण
बड़ी संख्या में प्रतिनिधि अग्रसेन भवन में एकत्रित हुए और वहां से नगर भ्रमण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपने पहुंचे। सर्वसमाज की ओर से महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सांसद संतोष पांडेय तथा डॉ. रमन सिंह के प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा गया।

अलग-अलग ज्ञापन देकर जताया समर्थन
इस पहल की विशेषता यह रही कि बैठक में शामिल विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं ने अपने-अपने लेटरपैड पर भी ज्ञापन तैयार कर मांग के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। इन सभी ज्ञापनों को सर्वसमाज के मुख्य ज्ञापन के साथ संलग्न कर एक संयुक्त फाइल के रूप में सौंपा गया। इससे इस विषय पर विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं की सामूहिक सहभागिता सामने आई।

सर्वसमाज की पहल में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
इसमें सकल जैन श्री संघ, अग्रवाल समाज, खंडेलवाल समाज, पटेल समाज, लोहाणा गुजराती समाज, सिन्हा समाज, यादव समाज, उदयाचल संस्था, गायत्री परिवार संस्था, लायंस क्लब, चैंबर ऑफ कॉमर्स, माहेश्वरी समाज, साहू समाज, मारवाड़ी गौण ब्राह्मण समाज, सनातन धर्म महासभा महिला मंडल तथा सनातन धर्म महासभा सेवा परिवार, शाकद्वीपीय ब्राह्मण समाज सहित अन्य प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

शहर में व्यवस्थित मांस विक्रय क्षेत्र बनाने की मांग
ज्ञापन में मांग की गई कि गोल बाजार, फ्लाईओवर के नीचे, नगर निगम के सामने, म्युनिसिपल स्कूल के सामने, नए बस स्टैंड एवं उसके आसपास, हाट बाजार तथा गंज चौक से नंदई रोड सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में संचालित मांस विक्रय की दुकानों और ठेलों के लिए एक निर्धारित एवं उपयुक्त स्थल विकसित किया जाए। इसके लिए नगर निगम आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से युक्त पृथक मांस विक्रय क्षेत्र बनाए।
सर्वसमाज ने सौहार्द बनाए रखने पर दिया जोर
साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर खुले में मांस काटने, उसे खुले में लटकाकर बेचने तथा मांस के अवशेषों से गंदगी फैलाने पर नियमानुसार रोक लगाने की मांग की गई। दुकानों का संचालन स्वच्छता मानकों, वैध अनुज्ञप्ति और लागू नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई। सर्वसमाज ने कहा कि, इस पहल का उद्देश्य किसी व्यक्ति अथवा समुदाय का विरोध करना नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता, सार्वजनिक व्यवस्था, धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों ने दिया आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के दौरान महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेंद्र यादव, जिला पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा एवं सांसद संतोष पांडेय ने मांग पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया में समय लग सकता है, लेकिन मांग के अनुरूप व्यवस्था बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस दौरान गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखने का आश्वासन भी दिया गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये रहे प्रमुख
ज्ञापन सौंपने वालों में खूबचंद पारख, विनय डढ्ढा, अजय सिंगी, अशोक लोहिया, भावेश बैद, कमलेश बैद, योगेश कोटक, विजय शर्मा, राजेश खंडेलवाल, नीरज बाजपेयी, लक्ष्मण लोहिया, संतोष पटाक, जैनम बैद, राजेश जैन रानू, अवतराम तेजवानी, गुरुमुख दास वाधवा, राजेंद्र सुराणा, भागचंद जैन, अशोक सिंघल, संजय लोहिया, अतुल रायचा सहित विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सर्वसमाज ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मांगों पर ठोस पहल करेगा, जिससे शहर में स्वच्छता, सुव्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में मदद मिलेगी।



