शिवरीनारायण। गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग पर सीमेंट कांक्रीट निर्माण कार्य शुरू होते ही यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। निर्माणाधीन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के चलते लंबी कतारें लग रही हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग (भ/स), उपसंभाग कसडोल द्वारा 3 सितंबर 2026 को जारी पत्र के आधार पर गिधौरी चौक से शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग पर करीब 300 मीटर लंबाई में सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण किया जाना है। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य के लिए 80 दिनों की समयावधि मांगी गई है। कार्य 16 सितंबर 2026 से शुरू किए जाने की जानकारी दी गई थी।
निर्माण के दौरान महानदी पुल पर यातायात जाम की आशंका को देखते हुए पुलिस विभाग ने संबंधित थानों को यातायात डायवर्जन के निर्देश भी जारी किए थे। निर्देश के अनुसार बिर्रा चौक पर बैरिकेडिंग कर रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिवरीनारायण की ओर भेजने के बजाय गिधौरी की ओर डायवर्ट किया जाना था। इसी तरह दुपट्टा मोड़ और बहोरिक चौक पर बैरिकेडिंग कर पामगढ़ की ओर से शिवरीनारायण होते हुए रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को मुलमुला की ओर डायवर्ट करने के निर्देश दिए गए थे।
वहीं शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में पुल चौक और पुल पर बैरिकेड्स लगाकर शबरी पुल से केवल छोटे चार पहिया और दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति देने के निर्देश थे। गिधौरी थाना से समन्वय कर आदेश का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया था।
इसके बावजूद निर्माण स्थल के आसपास वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। सड़क पर पर्याप्त मार्ग विभाजन और प्रभावी यातायात नियंत्रण नहीं होने के कारण वाहन चालक जाम में फंस रहे हैं। कई स्थानों पर भारी वाहन आमने-सामने फंस जाने से स्थिति और अधिक जटिल हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही यातायात बाधित होने की आशंका प्रशासन के संज्ञान में थी और इसके लिए डायवर्जन योजना भी तैयार की गई थी। इसके बावजूद मौके पर अपेक्षित यातायात व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। लोगों ने निर्माण स्थल पर स्पष्ट बैरिकेडिंग, पर्याप्त संकेतक और प्रभावी यातायात नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों का आवागमन सुचारू बना रहे।



