धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) का अधिकारी बनकर घर में घुसने और गोली मारने की धमकी देकर करीब 2.50 लाख रुपये का सामान ले जाने के मामले में सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने फरार आरोपी हितेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना रुद्री में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग स्वयं को एंटी करप्शन ब्यूरो का वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए उसके घर में अनधिकृत रूप से दाखिल हुए। आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे लैपटॉप, वनप्लस पैड सहित आठ मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। ले जाए गए सामान की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
शिकायत के आधार पर थाना रुद्री में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में दो अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।
दो आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पूर्व में रामचंद देवांगन निवासी रुद्री और नागेंद्र पटेल निवासी पटना, जिला कोरिया को 29 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। वहीं, प्रकरण में फरार चल रहे हितेश सिंह निवासी सलका बड़कापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए हितेश सिंह को 22 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



