सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम लालमाटी के पास नेशनल हाईवे-43 रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसे का गवाह बना। ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बाइक सामने से आ रही पिकअप वाहन की चपेट में आ गई। आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही पिकअप से सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षित और संयमित वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित किया
है।

