धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बांधों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिले के प्रमुख गंगरेल बांध में करीब 31 टीएमसी पानी का भराव हो चुका है और बांध अपनी कुल क्षमता का 97.40 प्रतिशत भर चुका है। वहीं मुरूमसिल्ली बांध भी 98.61 प्रतिशत तक भर गया है। बांधों में लगातार बढ़ते जलभराव के बीच पानी की निकासी शुरू होने से महानदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
तीन गेट खोलकर छोड़ा जा रहा 4670 क्यूसेक पानी
गंगरेल बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए तीन गेटों के जरिए 4670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं महानदी में भी 3360 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी है। लगातार हो रही बारिश और बांधों से पानी की निकासी के कारण नदी के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।
नदी किनारे बसे गांवों में बढ़ाई गई निगरानी
महानदी में पानी छोड़े जाने के बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के तेज बहाव को पार करने का प्रयास न करें और पानी के करीब जाने से बचें। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को नदी व नालों के आसपास न जाने देने की सलाह दी गई है।
जलस्तर बढ़ा तो तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाएं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ता है या बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित होती है, तो लोग बिना देरी किए सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें। ग्रामीणों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



