रायपुर। व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच संवाद की दूरी कम करने और कर व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ में पहली बार एक अनूठी पहल होने जा रही है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और आयकर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 2 सितंबर को प्रदेशभर में एक ही दिन ‘व्यापारी कर संवाद’ आयोजित किया जाएगा। ‘एक प्रदेश-एक दिन-एक संवाद’ की अवधारणा पर होने वाले इस अभियान में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में व्यापारी सीधे आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से रूबरू होंगे।
रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्य आयकर आयुक्त, रायपुर श्री संजीव (IRS) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रधान आयकर आयुक्त-1 मुनीश कुमार (IRS), अतिरिक्त आयकर आयुक्त (Hqrs/TPS) चिलाकला राजेश्वर रेड्डी (IRS) तथा उप आयकर आयुक्त-1(1) डॉ. गगन गिरी गोस्वामी (IRS) सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रदेश के कई शहरों में एक साथ होंगे कार्यक्रम
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि अभियान के तहत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी और जगदलपुर समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। संबंधित क्षेत्रों के आयकर अधिकारी इन कार्यक्रमों में व्यापारियों से सीधे संवाद करेंगे।
कार्यशालाओं में व्यापारियों को आयकर से जुड़े प्रावधानों, प्रक्रियाओं और कर अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसके साथ ही व्यापारी अपनी समस्याएं, जिज्ञासाएं और सवाल सीधे आयकर अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।
सिर्फ जानकारी नहीं, भरोसा बढ़ाने की पहल
अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ को केवल कर संबंधी जानकारी देने तक सीमित नहीं रखा गया है। इसका उद्देश्य व्यापारियों और आयकर विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सहयोग का मजबूत वातावरण तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सरकार के राजस्व संग्रह में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में कर नियमों और प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी मिलने से व्यापारियों के लिए कर अनुपालन आसान होगा। वहीं, व्यापारियों की वास्तविक समस्याएं सीधे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने से समाधान की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।
‘जागरूक व्यापारी, मजबूत अर्थव्यवस्था’ का संदेश
CAIT प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने प्रदेश के सभी व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कर व्यवस्था को समझने और समय पर सही तरीके से अनुपालन करने के लिए व्यापारियों में जागरूकता जरूरी है।
CAIT का मानना है कि इस तरह के प्रत्यक्ष संवाद से व्यापारियों को कर संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही विभाग और व्यापारिक समुदाय के बीच सहयोग की संस्कृति मजबूत होगी।
इस पहल से प्रदेश में ‘जागरूक व्यापारी-सरल कर अनुपालन-मजबूत अर्थव्यवस्था’ की दिशा में सकारात्मक वातावरण बनने की उम्मीद है।
CAIT पदाधिकारी भी रहेंगे सक्रिय
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर CAIT छत्तीसगढ़ के चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी और शंकर बजाज सहित संगठन के पदाधिकारी सक्रिय हैं। संगठन ने प्रदेशभर के व्यापारियों से इस संवाद कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया है।



