कोरबा। जिले के भूलसीडीह गांव स्थित एक फार्म हाउस में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 9 फीट लंबा अजगर बाड़े में बत्तख को निगलते हुए मिला। फार्म हाउस मालिक हीरा उरांव ने अजगर को देखते ही वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग की मौजूदगी में उसे जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हीरा उरांव ने फार्म हाउस में तीन बत्तख पाल रखी थीं। बुधवार सुबह वे बत्तखों को दाना देने के लिए बुला रहे थे। इस दौरान दो बत्तख तो बाहर आ गईं, लेकिन तीसरी बत्तख बाहर नहीं आई। संदेह होने पर हीरा उरांव बाड़े के अंदर पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि एक विशाल अजगर बत्तख को निगल रहा था।
रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही हीरा उरांव ने वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी से संपर्क किया। उनके निर्देश पर टीम के सदस्य राजू बर्मन और राकेश मानिकपुरी मौके पर पहुंचे। टीम ने निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू शुरू किया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू टीम के मुताबिक अजगर की लंबाई करीब 9 फीट और वजन लगभग 12 किलो था। वन विभाग की मौजूदगी में उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
बारिश में आबादी क्षेत्र में पहुंचते हैं सांप
वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि बारिश के मौसम में अक्सर सांप और अजगर भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि घर, फार्म हाउस या गांव में सांप अथवा कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे नुकसान न पहुंचाएं।



