कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच दादर नाला शनिवार सुबह उफान पर आ गया। तेज बहाव के बीच नाला पार कर रही एक स्कॉर्पियो पानी में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।
बताया जा रहा है कि नाला पार करने से मना किए जाने के बावजूद युवक वाहन लेकर आगे बढ़ गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण स्कॉर्पियो बीच नाले में फंस गई और देखते ही देखते पानी में डूब गई। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर नाले के दोनों ओर से आवाजाही बंद कर दी गई।
कई वार्डों में घुसा बारिश का पानी
लगातार बारिश के चलते कोरबा नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई है। आरपी नगर, चिमनी भट्टा, शारदा विहार, अमरैया पारा, मोती सागर पारा, सीतामणी और मुड़ापार क्षेत्र में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला।
चिमनी भट्टा में करीब 40 घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया, जबकि शारदा विहार स्थित अटल आवास में 12 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं। घरों में पानी घुसने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दो दिन और बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।



