कोरबा। गणेश चतुर्थी एवं आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, ध्वनि प्रदूषण और प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी क्रम में कोरबा पुलिस द्वारा जिले की विभिन्न गणेश समितियों एवं पंडाल आयोजकों के साथ-साथ डीजे संचालकों की पृथक-पृथक बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों एवं डीजे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि उत्सव आस्था और उमंग के साथ मनाया जाए, लेकिन नियमों और सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
पंडालों में CCTV और अग्नि सुरक्षा अनिवार्य
पुलिस ने गणेश समितियों को पंडाल परिसर एवं आसपास पर्याप्त संख्या में CCTV कैमरे लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंडाल में पर्याप्त क्षमता का फायर एक्सटिंग्विशर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा पंडालों में विद्युत कनेक्शन और वायरिंग की जांच सक्षम विद्युतकर्मी से कराने के निर्देश दिए गए। खुले एवं लूज तार, असुरक्षित कनेक्शन अथवा किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी लापरवाही को तत्काल दूर करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने यह भी कहा कि पंडालों की स्थापना इस तरह की जाए कि आम नागरिकों के आवागमन और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विसर्जन को लेकर पुलिस ने तय की व्यवस्था
गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी समितियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने आयोजकों से कहा कि प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक सभी कार्यक्रमों का समय पहले से निर्धारित करें और पुलिस-प्रशासन द्वारा तय व्यवस्था का पालन करें।
नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित विसर्जन स्थल पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने तथा रात्रि में विसर्जन से बचने की हिदायत दी गई। समितियों से निर्धारित विसर्जन मार्ग का उपयोग करने, यातायात व्यवस्था बाधित नहीं करने तथा पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए विसर्जन कार्यक्रम समय पर पूरा करने की अपील की गई।
डीजे पर रहेगी पुलिस की नजर, नियम तोड़ने पर कार्रवाई
गणेश उत्सव के दौरान डीजे संचालन को लेकर पुलिस ने संचालकों की अलग बैठक लेकर उन्हें नियमों की जानकारी दी। डीजे संचालकों को निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही ध्वनि प्रसारित करने तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने अथवा तय समय-सीमा का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने डीजे संचालकों से उत्सव की गरिमा और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी के साथ संचालन करने की अपील की।
हर गणेश पंडाल बनेगा साइबर जागरूकता का केंद्र
इस बार गणेश उत्सव के माध्यम से कोरबा पुलिस सामाजिक जागरूकता का संदेश भी घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी में है। जिले में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” से गणेश समितियों को जोड़ते हुए पुलिस ने सभी आयोजकों से अपने-अपने पंडालों को साइबर जागरूकता का केंद्र बनाने की अपील की है।
समितियों को पंडालों में “साइबर जागृति अभियान” के पोस्टर लगाने और साइबर अपराध से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण संदेश प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया गया। श्रद्धालुओं को OTP साझा न करने, UPI फ्रॉड से सावधान रहने, फर्जी KYC, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी, फर्जी लिंक एवं अन्य साइबर अपराधों से बचने के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
पुलिस ने समितियों से अपील की कि गणेश जी के पंडाल से साइबर सुरक्षा का संदेश हर घर तक पहुंचाएं। साथ ही ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी लोगों तक पहुंचाने को कहा गया।
नशे से दूर रहकर मनाएं गणेश उत्सव
पुलिस ने गणेश पंडालों और विसर्जन कार्यक्रमों के दौरान नशे की स्थिति में उपद्रव करने वालों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आयोजकों को भी पंडाल परिसर में नशे का सेवन नहीं होने देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।
आस्था के साथ सुरक्षा और उत्सव के साथ जिम्मेदारी का संदेश
कोरबा पुलिस ने कहा कि गणेश उत्सव धार्मिक आस्था, शांति, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। इसलिए सभी गणेश समितियां, डीजे संचालक और श्रद्धालु आपसी सहयोग एवं जिम्मेदारी के साथ उत्सव मनाएं।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने, यातायात बाधित करने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है— “आस्था के साथ सुरक्षा, उत्सव के साथ जागरूकता — साइबर जागृति से जुड़ें, सुरक्षित कोरबा बनाएं।”



