मिस वर्ल्ड 2026 के विजेता का ऐलान हो गया है। डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल ने दुनिया भर की खूबसूरत और प्रतिभाशाली प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए मिस वर्ल्ड 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। वियतनाम के न्हा ट्रांग में शनिवार को आयोजित ग्रैंड फिनाले में जोहेरी मोल के सिर पर मिस वर्ल्ड का ताज सजाया गया।
स्पेन की एलिसाबेथ रेनेस प्रतियोगिता की रनर-अप रहीं, जबकि मलेशिया की तानुसिया चेट्टी ने तीसरा स्थान हासिल किया। मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने जोहेरी मोल को मिस वर्ल्ड 2026 का ताज पहनाया।
ताज पहनते ही भावुक हुईं जोहेरी मोल
मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब जीतने के बाद जोहेरी मोल बेहद भावुक नजर आईं। जैसे ही उनके सिर पर विजेता का ताज सजाया गया, उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। पूर्व मिस वर्ल्ड ओपल सुचाता ने उन्हें गले लगाकर जीत की बधाई दी।
जोहेरी मोल ने प्रतियोगिता के दौरान अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और शानदार प्रदर्शन से निर्णायकों को प्रभावित किया। आखिरकार उन्होंने फाइनल में बाजी मारते हुए डोमिनिकन रिपब्लिक के लिए यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया।
भारत की निकिता पोरवाल का सफर टॉप-40 तक
मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं निकिता पोरवाल से देशवासियों को काफी उम्मीदें थीं। निकिता ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया और टॉप-40 में अपनी जगह बनाई। हालांकि, वह टॉप-20 में जगह बनाने से चूक गईं।
टॉप-20 में नहीं पहुंच पाने के बावजूद निकिता पोरवाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व पूरे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ किया। उनकी इस उपलब्धि की मिस इंडिया के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने भी जमकर सराहना की।
मिस इंडिया की ओर से साझा किए गए संदेश में कहा गया कि निकिता ने 73वें मिस वर्ल्ड में टॉप-40 तक का सफर तय किया है। साथ ही, मिस वर्ल्ड के लगातार आठ संस्करणों में भारत के प्लेस करने का सिलसिला भी जारी रहा। पोस्ट में निकिता के आत्मविश्वास, शालीनता और भारत का गौरव के साथ प्रतिनिधित्व करने की तारीफ की गई।
ओपल सुचाता ने 2025 में जीता था खिताब
मिस वर्ल्ड 2025 का ग्रैंड फिनाले 31 मई 2025 को हैदराबाद के हाइटेक्स एग्जीबिशन सेंटर में आयोजित किया गया था। इस प्रतियोगिता में 108 देशों की प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था। थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब अपने नाम किया था।
ओपल सुचाता के अलावा इथियोपिया की हासेट डेरेज फर्स्ट रनर-अप, पोलैंड की माजा क्लाज्दा सेकेंड रनर-अप और मार्टिनिक की ओरेली जोआचिम थर्ड रनर-अप रही थीं।
ओपल सुचाता अपने देश की पहली प्रतियोगी थीं, जिन्होंने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। इस साल उन्होंने ही मिस वर्ल्ड 2026 की नई विजेता जोहेरी मोल को ताज पहनाकर मिस वर्ल्ड का खिताब सौंपा।
भारत ने अब तक छह बार जीता है मिस वर्ल्ड का खिताब
मिस वर्ल्ड के इतिहास में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत की ओर से सबसे पहले रीटा फारिया ने 1966 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। इसके बाद ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) ने भारत को यह प्रतिष्ठित ताज दिलाया।
भारत के लिए आखिरी बार वर्ष 2017 में मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था। वहीं, 1999 और 2000 में भारत ने लगातार दो वर्षों तक यह खिताब जीतकर खास उपलब्धि हासिल की थी।
अगले साल तंजानिया में होगा मिस वर्ल्ड का आयोजन
मिस वर्ल्ड 2026 का भव्य आयोजन वियतनाम के न्हा ट्रांग में हुआ, जहां दुनिया भर की प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। अब मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के अगले संस्करण की मेजबानी तंजानिया करेगा। ऐसे में अगले साल एक बार फिर दुनिया की नजरें इस प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता पर रहेंगी।



