टीम जांच में जुटी पुलिस एवं फोरेंसिक
कबीरधाम जिले के थाना भोरमदेव क्षेत्र का मामला
कवर्धा।
कबीरधाम जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र में एक महिला का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लगभग छह दिनों से लापता महिला का कंकाल घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल में मिलने के बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम चौरा निवासी झंगल बैगा ने 1 अगस्त को थाना भोरमदेव में अपनी पत्नी चैती बाई बैगा उम्र 28 वर्ष की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 26 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकली थी और इसके बाद वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू कर दी। तलाश के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को महिला के घर से करीब 200 मीटर दूर जंगल-झाड़ी में स्थित एक सेन्हा पेड़ के पास संदिग्ध स्थिति दिखाई दी। पेड़ की डंगाल पर मृतका की साड़ी का एक सिरा बंधा हुआ मिला। इसके बाद आसपास तलाश करने पर महिला का शव पेड़ के नीचे और झाड़ियों में मानव खोपड़ी, पसलियां, पैर की हड्डियां और अन्य अवशेष बिखरे मिले। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण कर सभी साक्ष्य एकत्र किए गए। परिजनों ने चूड़ियों एवं अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर शव की पहचान चैती बाई बैगा के रूप में की। पुलिस एवं फोरेंसिक टीम ने सभी मानव अवशेषों और घटनास्थल से अन्य साक्ष्यों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल कवर्धा भेज दिया। पुलिस के अनुसार फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


