अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके उत्पाती ‘कबरा’ हाथी को काबू करने के लिए वन विभाग ने विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हाथी के लगातार हमलों और अब तक 18 लोगों की जान लेने के बाद विभाग ने उसे पकड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथ और दुर्योधन को भी अभियान में शामिल किया गया है।
सायर के जंगल में मौजूद है कबरा
जानकारी के मुताबिक, उत्पाती कबरा हाथी फिलहाल सायर के जंगल में मौजूद है। उसे नियंत्रित करने के लिए कुमकी हाथियों तीरथ और दुर्योधन की मदद ली जा रही है। अभियान में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ वाइल्ड लाइफ टीम और विशेषज्ञ पशु चिकित्सक भी तैनात हैं। संयुक्त टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कोशिश कर रही है।
ट्रेंकुलाइज कर पहनाई जाएगी कॉलर आईडी
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कबरा को ट्रेंकुलाइज यानी बेहोश कर उसके गले में कॉलर आईडी पहनाने की योजना है। इससे उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने का विकल्प भी रखा गया है।
18 लोगों की मौत के बाद शुरू हुई बड़ी कार्रवाई
कबरा हाथी लंबे समय से उदयपुर और आसपास के गांवों में दहशत फैला रहा है। उसके हमलों में अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए वन विभाग इस बार विशेषज्ञों और कुमकी हाथियों की मदद से अभियान चला रहा है। रेस्क्यु ऑपरेशन सफल होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।





