कोरबा। भाजपा जिला कार्यालय कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी।
नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन राष्ट्र एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के सेवा भाव, संकल्प, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। इसके अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’ तथा ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस विशेष अभियान को भाजपा ने इस वर्ष व्यापक स्वरूप देते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक चलाने का निर्णय लिया है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। भाजपा कार्यकर्ता जनभागीदारी के माध्यम से इस सेवा भाव को आगे बढ़ाएंगे।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान : गोपाल मोदी
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी, जो 17 अक्टूबर तक देशभर में संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान को लेकर कोरबा जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से इसे जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जागेश लांबा, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा तथा एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन उपस्थित रहे।



