बिलासपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि महाविद्यालय कोनी के ऑडिटोरियम में ‘नमो सेवा गाथा’ पर आधारित लाइट एंड साउंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। करीब एक घंटे की इस प्रस्तुति में रोशनी, संगीत और नृत्य के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को पूरे कार्यक्रम के दौरान बांधे रखा।
संस्कृति विभाग छत्तीसगढ़ शासन के सहयोग से गुरतुर लोक सेवा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गुजरात भूकंप के दौरान राहत कार्य, कोरोना काल में सहायता, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, नक्सल उन्मूलन, अनुच्छेद 370 हटाने और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे विषयों को कलात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान बदलती रोशनी, संगीत और कलाकारों के अभिनय ने विभिन्न घटनाक्रमों को प्रभावी स्वरूप दिया। प्रस्तुति में आपदा के समय सेवा और संवेदनशीलता से लेकर देश की सुरक्षा तथा विकास तक के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक भी मंच पर दिखाई गई।
‘नमो सेवा गाथा’ की प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक पहुंचे। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय, संगीत और नृत्य की सराहना की और कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महापौर पूजा विधानी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, कृषि महाविद्यालय के डीन एन.के. चौरे सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को कला के जरिए दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।



