गुरूर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुरूर की आवश्यक बैठक धनकर भवन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्यों, मंडल अध्यक्षों और सेक्टर अध्यक्षों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अधिक बिजली बिल आने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस आमजन के साथ मिलकर जिला स्तरीय आंदोलन करेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू ने बैठक के दौरान स्मार्ट मीटर के विरोध में उपभोक्ताओं से भराए जा रहे फॉर्म की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्मार्ट मीटर से संबंधित आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों को सामने लाते हुए जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू, संरक्षक बसंत सोनबेर, महामंत्री शादिक अली, सुमीत राजपूत, ब्लॉक उपाध्यक्ष दुर्गुराम सिन्हा, जिला महामंत्री जितेंद्र यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष प्रभात ध्रुव, ब्लॉक उपाध्यक्ष धनुष साहू, विधायक प्रतिनिधि टोमन साहू, सरपंच भगवान दास मंचूरिया, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मनोज साहू, आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पालसिंह भूआर्य, नगर पंचायत अध्यक्ष यानेश साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष भुनेश्वर ठाकुर, खिलेश्वर केहरी, सरपंच खोमन सिन्हा, मंडल अध्यक्ष गिरधारी देवांगन, नंदकुमार साहू, किसान कांग्रेस अध्यक्ष पुनेश्वर साहू, मुकेश सार्वा, मनोज साहू, सेक्टर अध्यक्ष देवेंद्र शांडिल्य, रमेश सिन्हा, उमर अली, सोमनाथ साहू, उमाशंकर सिहरे, केशू साहू, मोहम्मद खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



