रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। आयोग के अनुसार राज्य सेवा परीक्षा-2025 के साक्षात्कार 21 सितंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। साक्षात्कार से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, सूचना और आवश्यक निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी किए जाएंगे।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा 6, 7, 8 और 9 जून 2026 को आयोजित की गई थी। अब परीक्षा परिणाम के साथ साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी गई है। अभ्यर्थी अपना परिणाम और चयन सूची आयोग की वेबसाइट psc.cg.gov.in पर देख सकते हैं।
265 पदों के लिए हुई थी भर्ती प्रक्रिया
CGPSC ने विज्ञापन क्रमांक 06/2025 के माध्यम से राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत विभिन्न 20 सेवाओं में कुल 265 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 3,921 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया था। मुख्य परीक्षा के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए पात्र पाया गया है।
ऑनलाइन दर्ज करनी होगी पदों की अग्रमान्यता
साक्षात्कार के लिए चयनित सभी अभ्यर्थियों को विज्ञापित पदों की अग्रमान्यता (प्राथमिकता) आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करनी होगी। अग्रमान्यता दर्ज करने की तिथि और इससे संबंधित विस्तृत निर्देश आयोग की ओर से अलग से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
इंटरव्यू से एक दिन पहले होगा दस्तावेज सत्यापन
आयोग ने साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों को महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की निर्धारित तिथि से एक दिन पहले मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए आयोग में उपस्थित होना होगा। निर्धारित समय पर दस्तावेज सत्यापन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ऐसे देखें CGPSC मुख्य परीक्षा का रिजल्ट
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और साक्षात्कार चयन सूची देख सकते हैं। इसके लिए—
* छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.cg.gov.in पर जाएं।
* वेबसाइट के What’s New सेक्शन में जाएं।
* STATE_SERVICE_EXAMINATION-2025_MAINS_WRITTEN_EXAM_RESULT (31-08-2026) लिंक खोलें।
* मुख्य परीक्षा परिणाम एवं साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची देखें।
* जारी PDF में अपना रोल नंबर चेक करें।
* भविष्य के लिए परिणाम और चयन सूची का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।



