8 से अधिक वनरक्षक घायल
खंडवा।
वन मंडल के गुड़ी वन परिक्षेत्र में रविवार सुबह वन विभाग की विशेष गश्ती टीम पर कथित वन अतिक्रमणकारियों ने जानलेवा हमला कर दिया। आमाखुजरी बीट के कक्ष क्रमांक 748 एवं 749 में नियमित गश्त के दौरान हुए इस हमले में आठ से अधिक वनरक्षक घायल हो गए, जिनमें कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद उन्हें करीब दो घंटे तक समय पर सहायता और चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिल सकी।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में भर्ती हुए 45 नवपदस्थ वनरक्षकों को प्रशिक्षण के बाद गुड़ी रेंज में विशेष फ्लाइंग स्क्वाड के रूप में तैनात किया गया है। यह दल वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण रोकने और जंगलों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त करता है। रविवार सुबह टीम आमाखुजरी क्षेत्र में निगरानी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कथित अतिक्रमणकारियों ने अचानक गोफन से पत्थरों की बौछार शुरू कर दी। इसके बाद लाठियों से भी हमला किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वनरक्षक हुए घायल
हमले में वनरक्षक ज्वाला सिंह, रोमांक नायक, शैलेंद्र यादव, राजेंद्र सिंह सक्तावत, राजेंद्र बागड़ी, प्रदीप बघेल, चंद्रपाल तोमर और राहुल लोधी सहित अन्य कर्मचारी घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गुड़ी रेंज में लंबे समय से वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें हैं। हाल ही में वन विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया था। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। वन कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी अमले पर हमले हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं बढ़ाई गई।
हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि जंगल में अभियान चलाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल, सुरक्षा उपकरण और त्वरित सहायता व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए। कर्मचारियों ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


