जांजगीर-चांपा। बलौदा के सोनार मोहल्ले में घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल खरीदने वाले अकलतरा निवासी सोनार को भी पुलिस ने पकड़ा है। मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.87 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और 7 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
मामला बलौदा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 सोनार मोहल्ले का है। यहां रहने वाले नवीन सोनी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह जब उनकी नींद खुली तो कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर देखा तो आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे।
घटना की शिकायत के बाद बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 386/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और साइबर सेल से मिली अहम जानकारी, बालकों की मदद से घर में घुसे थे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों की मदद से घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार चोरी के बाद जेवरात को बेचने में बलौदा निवासी संगीता जगत की मदद ली गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर चोरी का माल बरामद किया। बरामद जेवरात में रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और सोने की धातु सहित अन्य सामान शामिल हैं। इसके अलावा 7 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक बरामद मसरूका की कुल कीमत करीब 15.87 लाख रुपये है।
अकलतरा के सोनार को भी पकड़ा, चोरी के जेवर खरीदने का आरोप
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आयुष आदित्य उर्फ आशु (26), जीतु देवार (20), सुमित अग्रवाल (41) और संगीता जगत (36) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अकलतरा निवासी सुमित अग्रवाल को चोरी के जेवर खरीदने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। वहीं बलौदा निवासी संगीता जगत पर चोरी के जेवर बेचने में सहयोग करने की बात सामने आई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने में तीन विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे। उनके संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपियों तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद महत्वपूर्ण रही। पुलिस टीम ने चोरी के सामान की बरामदगी के साथ मामले में शामिल लोगों की भूमिका भी सामने लाई।
इस पूरी कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा और साइबर थाना जांजगीर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



