रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का आज दूसरा दिन कला, संस्कृति और रोमांच के नाम रहेगा। समारोह में जहां प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, वहीं भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने शानदार हवाई करतबों से दर्शकों में रोमांच भरने के लिए तैयार है। दूसरे दिन के कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देंगे।
आसमान में दिखेगा शौर्य और रोमांच का संगम
राज्योत्सव के दूसरे दिन का सबसे बड़ा आकर्षण नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में होने वाला भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो रहेगा। यह हवाई प्रदर्शन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे के बीच आयोजित होगा। करीब 40 मिनट तक चलने वाले इस एयर शो में वायुसेना के हेलिकॉप्टर आसमान में शानदार करतब दिखाएंगे। इस रोमांचक प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। एयर शो के जरिए युवाओं को सैन्य विमानन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करने का प्रयास भी किया जाएगा। आयोजन को देखते हुए दर्शकों से समय से पहले कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की गई है।
‘मैं अयोध्या हूं’ नाटक और स्वास्ति मेहुल की प्रस्तुति होगी खास
राज्योत्सव के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार श्रृंखला देखने को मिलेगी। मंच पर ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया जाएगा। वहीं प्रसिद्ध गायिका स्वास्ति मेहुल अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांधेंगी। इसके अलावा ओडिसी, कथक, सुआ नृत्य और पंडवानी जैसी पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। अलग-अलग विधाओं के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से राज्योत्सव को यादगार बनाएंगे।
एयर शो के चलते रायपुर एयरपोर्ट का रनवे ढाई घंटे रहेगा बंद
नवा रायपुर में आयोजित होने वाले एयर शो का असर हवाई यातायात पर भी पड़ेगा। सुरक्षा और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं के चलते आज रायपुर एयरपोर्ट का रनवे सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक करीब ढाई घंटे बंद रहेगा। इस दौरान संचालित होने वाली कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है। दिल्ली, हैदराबाद और लखनऊ रूट की उड़ानों को रीशेड्यूल किया जाएगा। हालांकि, एयर शो करीब 40 मिनट तक ही चलेगा, इसलिए हवाई यातायात पर इसका व्यापक असर पड़ने की संभावना नहीं है।



