म्यूल अकाउंट गिरोह पर बड़ी कार्रवाई
जांजगीर-चांपा।
पुलिस ने म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश किया है। 10.18 करोड़ की ठगी मामले में 5 खाता धारक को गिरफतार कर जेल भेजा गया है। पांचों ने कमीशन के लालच में अपना बैंक अकाउंट बेचा था।
भारत सरकार, गृह मंत्रालय व पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर सायबर थाना जांजगीर-चांपा द्वारा म्यूल खातों के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी करने वाले गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। साइबर थाना पुलिस ने प्रकरण में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों द्वारा कमीशन एवं आर्थिक लालच के कारण अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर अपने नाम से सिम नंबर चालू करवा कर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया गया था। इन बैंक खातों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने व आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। खातों में करोड़ो रूपये के ठगी के पैसे का लेन देन है।
समन्वय पोर्टल से प्राप्त इनपुट के आधार पर साइबर थाना पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंकिंग ट्रांजेक्शन की गहन जांच की गई। जाँच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंक खाते देश के विभिन्न राज्यों में दर्ज कुल 33 साइबर फ्रॉड प्रकरणों से संबंधित हैं।
इन 33 प्रकरणों में कुल लगभग 10,18,19,809 (दस करोड़ अठारह लाख उन्नीस हजार आठ सौ नौ रुपये) की साइबर ठगी होना पाया गया। उक्त प्रकरणों से संबंधित 66,00,557 (छियासठ लाख पांच सौ सत्तावन रुपये) की राशि आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए म्यूल खातों में ट्रांसफर होना पाया गया।
आरोपियों के विरुद्ध सायबर थाना जांजगीर-चांपा में अपराध क्रमांक 06/2026, धारा 61(2), 317(4), 317(5), 318(4), 323 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।


