कोरबा। जिले में नशे की हालत में तेज रफ्तार कार चलाने के दौरान चार गौवंश हादसे की चपेट में आ गए। घटना गुरुवार देर रात उरगा थाना क्षेत्र के भैंसमा पॉवर जनरेट ऑफिस के सामने हुई। तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठे चार गौवंश को टक्कर मार दी। हादसे में तीन गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस के अनुसार, वाहन क्रमांक CG 12 AT 3731 (टाटा टियागो) का चालक कथित तौर पर नशे की हालत में तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सड़क पर बैठे गौवंश कार की चपेट में आ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताने लगे।
सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम
स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल और गौसेवकों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के सदस्य और गौसेवक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत गौवंश को सड़क से हटवाया और घायल गौवंश को उपचार के लिए भेजा। घायल गौवंश का इलाज गौसेवकों की देखरेख में कराया जा रहा है।
नशे में ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग
बजरंग दल कोरबा ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नशे में वाहन चलाना गंभीर अपराध है। संगठन ने मांग की है कि जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि होने पर इसे सामान्य सड़क हादसा न माना जाए।
संगठन ने चालक का ब्रेथ एनालाइजर और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही रिपोर्ट के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना) और धारा 184 (तेज एवं खतरनाक ड्राइविंग) के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



