Korba News: कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के खरवानी गांव में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगदी समेत लाखों का सामान पार कर दिया। चोरी के बाद चोरों ने जो किया, उससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। चोर घर के किचन में लगे गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोलकर भाग गए, जिससे घर गैस की बदबू से भर गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी घटना नहीं घटी।
Korba News: पीड़ित परिवार के अनुसार चोरों ने घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, कांसे के बर्तन, इंडक्शन चूल्हा, नए कपड़े और साड़ियां, चावल सहित अन्य कीमती घरेलू सामान चोरी कर लिया है। चोरी के बाद घर का मंजर देखकर परिजन हैरान रह गए। चोरों ने पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था। अलमारी, बक्से और हर एक कोने की तलाशी ली गई थी।
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात गैस सिलेंडर को लेकर सामने आई। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने रसोई में जाकर गैस सिलेंडर चालू कर दिया और रेगुलेटर खुला छोड़ दिया। जब परिवार घर पहुंचा तो पूरे घर में गैस की तेज बदबू फैली हुई थी। परिजनों ने तुरंत खिड़की दरवाजे खोले और गैस बंद की, तब जाकर बड़ी अनहोनी टली। पूरा परिवार पारिवारिक कार्यक्रम में बाहर गया हुआ था वापस लौटने पर यह घटना सामने और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
Korba News: इस संबंध में उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। कोरबा के अलावा पड़ोसी जिला जांजगीर-चांपा में भी पतासाजी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।





