Korba Crime: कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली खूनी वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी को सीमेंट के डम्बल से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
यह सनसनीखेज घटना पाली थाना के वार्ड नंबर 09 शांति बस्ती की है। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 4 से 5 बजे के बीच आरोपी रमेश डोंगरे उम्र 40 वर्ष ने अपनी पत्नी बंधन कुंवर उम्र 39 वर्ष की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पत्नी के सिर पर सीमेंट के डम्बल से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
Korba Crime: बताया जा रहा है कि मृतिका बंधन कुंवर आरोपी की दूसरी पत्नी थी। आरोपी रमेश डोंगरे ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर बंधन कुंवर को दूसरी पत्नी बनाया था। वहीं मृतिका ने भी अपने पहले पति के बाद आरोपी को अपना दूसरा पति बनाया था। दोनों पति-पत्नी घर पर अकेले रहते थे, उनकी कोई संतान नहीं थी। हत्या की सूचना मिलते ही मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इस पूरे मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि सुबह करीब 4 से 5 बजे की बात है। एक व्यक्ति है रमेश डोंगरे, उसके द्वारा अपनी पत्नी जो बंधन कुंवर है, उसको जो सीमेंट का एक डम्बल रहता है, उससे मारकर हत्या कर दी गई। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि घर बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच वाद-विवाद हुआ था, इसी आवेश में आकर पति ने हत्या कर दी।
Korba Crime: वहीं पाली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाए गए और आरोपी पति रमेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



