अंतागढ़। नगर के बड़े पुल के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक नदी के पानी में काफी देर तक अचेत अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। युवक की हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई और नदी किनारे भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नदी से बाहर निकालने की तैयारी शुरू की।
रेस्क्यू से पहले शरीर में हुई हलचल
पुलिसकर्मी युवक को बाहर निकालने की तैयारी कर ही रहे थे, तभी उसके शरीर में हलचल दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे नदी से बाहर निकाला। जांच में पता चला कि युवक जीवित है और शराब के नशे में बेसुध होकर नदी में पड़ा था।
युवक की पहचान करीब 27 वर्षीय रामसाय यादव, निवासी ग्राम सुरवाही के रूप में हुई है। वह अंतागढ़ में एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक के रूप में काम करता है।
काम बंद होने पर शराब पीकर पहुंचा था नदी में
जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा जयंती के चलते ट्रक का काम बंद था। इसी दौरान रामसाय ने शराब का सेवन किया और नहाने के लिए नदी में चला गया। नशा अधिक होने के कारण वह नदी के भीतर ही बेसुध होकर सो गया।
बताया गया कि जिस स्थान पर युवक पड़ा था, वहां पानी की गहराई इतनी थी कि उसका चेहरा पानी से बाहर था, जबकि शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा हुआ था। करीब एक घंटे तक वह इसी स्थिति में पड़ा रहा। दूर से देखने पर लोगों को लगा कि युवक नदी में डूब गया है।
जिंदा मिलने पर लोगों ने ली राहत की सांस
पुलिस की कार्रवाई के दौरान युवक के जीवित होने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस युवक को थाने लेकर गई, जहां समझाइश देने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
घटना के दौरान नदी किनारे काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। शराब के नशे में युवक के नदी के भीतर बेसुध होकर सो जाने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।



