रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज यानी 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो रही है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष धान खरीदी की शुरुआत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी की तैयारी की गई है।
3100 खरीदी केंद्रों में होगी धान की खरीदी
राज्य सरकार ने इस साल प्रदेशभर में 3,100 धान उपार्जन केंद्र बनाए हैं। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए केंद्र भी शुरू किए गए हैं। सरकार ने इस खरीफ सीजन में 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। किसानों को प्रति क्विंटल 3,100 रुपए की दर से भुगतान किया जाएगा। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा।
कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता
इस बार किसानों को बड़ी राहत देते हुए 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है। अब किसान 15 क्विंटल धान बेचते हैं, तब भी शेष 6 क्विंटल पर समर्थन मूल्य और 3,100 रुपए की दर के बीच का अंतर दिया जाएगा। इसके तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपए तक आदान सहायता मिलेगी। धान नहीं बेचने वाले पात्र किसानों को भी नियमानुसार इसका लाभ दिया जाएगा। राशि सीधे आधार लिंक बैंक खाते में भेजी जाएगी।
टोकन से लेकर भुगतान तक की व्यवस्था
धान बेचने के लिए किसानों को टोकन लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप की सुविधा दी गई है। अब तक 3 लाख 50 हजार 972 किसानों को टोकन जारी किए जा चुके हैं। वहीं, धान खरीदी केंद्रों पर माइक्रो एटीएम की व्यवस्था की जा रही है, जिससे किसान धान बेचने के बाद 20 हजार रुपए तक नकद निकाल सकेंगे।
अवैध धान की आवक रोकने कड़ी निगरानी
खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल क्रॉप सर्वे किया जा रहा है। दूसरे राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए 273 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा 131 सीमावर्ती खरीदी केंद्रों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए सुविधाएं
सरकार ने सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए बैठने, पेयजल, तौल उपकरण, नमी मापक यंत्र और बारदानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की है। इसके साथ ही कंप्यूटर और स्कैनर जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।





